चंडीगढ़, 21 जुलाई, 2026: (न्यूज़ टीम): बदलते दौर में डिग्री के साथ भाषा पर मजबूत पकड़ भी सफलता की अहम शर्त बन चुकी है। उच्च शिक्षा, शोध, बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार और वैश्विक स्तर पर संवाद के लिए अंग्रेजी का प्रभावी ज्ञान अब एक अतिरिक्त योग्यता नहीं, बल्कि आवश्यकता है। इसी जरूरत को देखते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी ने दुनिया के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस एंड असेसमेंट के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग के तहत Certificate Course in English Proficiency (CCEP) शुरू किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की अंग्रेजी दक्षता उपलब्ध कराना है।
पंजाब सरकार पिछले कुछ वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षकों को विदेशों में प्रशिक्षण दिलाने, शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने और विश्वविद्यालयों में वैश्विक संस्थानों के साथ साझेदारी बढ़ाने जैसे कई कदम उठाए गए हैं। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के साथ यह समझौता उसी सोच का विस्तार माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को दुनिया के बदलते शैक्षणिक और पेशेवर माहौल के अनुरूप तैयार करना है।
देश के सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में पंजाब यूनिवर्सिटी साल 1882 में स्थापित पंजाब यूनिवर्सिटी देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में गिनी जाती है। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से ए++ ग्रेड प्राप्त यह विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अपनी साख रखता है। हाल के वर्षों में विश्वविद्यालय ने अपने शैक्षणिक कार्यक्रमों को उद्योग और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में कई पहल की हैं। नया कोर्स उसी क्रम की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
क्या है Certificate Course in English Proficiency (CCEP)
Certificate Course in English Proficiency (CCEP) को इस तरह तैयार किया गया है कि इसका लाभ केवल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों तक सीमित न रहे। 30 घंटे के इस कक्षा आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्र, नौकरीपेशा लोग, उद्यमी, कारोबारी और वे सभी लोग शामिल हो सकेंगे, जो अपनी अंग्रेजी बोलने, लिखने और पेशेवर संवाद की क्षमता को बेहतर बनाना चाहते हैं।
आज विदेशों में उच्च शिक्षा हासिल करने से लेकर बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी पाने तक अंग्रेजी में प्रभावी संवाद की क्षमता निर्णायक भूमिका निभाती है। यही कारण है कि इस पाठ्यक्रम में केवल भाषा का सैद्धांतिक ज्ञान नहीं, बल्कि व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया है। प्रतिभागियों को प्रस्तुतीकरण, समूह चर्चा, कार्यस्थल पर संवाद, पेशेवर लेखन और अकादमिक संचार जैसी व्यावहारिक परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे वास्तविक जीवन में आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी का उपयोग कर सकें।
यह पाठ्यक्रम उन युवाओं के लिए भी उपयोगी माना जा रहा है, जो भविष्य में विदेश में पढ़ाई या रोजगार की तैयारी कर रहे हैं। इसकी विषयवस्तु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त अंग्रेजी दक्षता परीक्षाओं, जैसे IELTS और Linguaskill, की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इससे प्रतिभागियों को इन परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम की एक और विशेषता यह है कि इसमें शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के डिजिटल शिक्षण संसाधनों तक ऑनलाइन पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। इससे वे प्रशिक्षण अवधि के बाद भी अपनी भाषा दक्षता को लगातार निखार सकेंगे।
अंग्रेजी एवं सांस्कृतिक अध्ययन विभाग की अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं होती, बल्कि वह ज्ञान, सहयोग और नए अवसरों तक पहुंच का सेतु भी बनती है। उनके अनुसार कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस एंड असेसमेंट के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय भाषा प्रशिक्षण और मूल्यांकन उपलब्ध कराएगी, जिससे उनकी शैक्षणिक और पेशेवर संभावनाएं और मजबूत होंगी।
भविष्य की तैयारी
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में रोजगार का स्वरूप और अधिक वैश्विक होगा। ऐसे में जिन युवाओं के पास विषय ज्ञान के साथ प्रभावी संवाद कौशल होगा, उनके लिए अवसरों के नए द्वार खुलेंगे।पंजाब यूनिवर्सिटी की यह पहल उसी भविष्य की तैयारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Certificate Course in English Proficiency (CCEP) का पहला बैच शीघ्र शुरू होने वाला है। इस पहल में MYCANVAS Education Services Pvt। Ltd। आउटरीच पार्टनर की भूमिका निभा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश और पात्रता संबंधी जानकारी के लिए 98715-67201 पर संपर्क कर सकते हैं या MYCANVAS की वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं।
