होम; >> पर्व >> भोपाल >> मध्यप्रदेश >> मुख्यमंत्री आवास >> रंग >> होली >> होली बधाई >> मुख्यमंत्री आवास पर उल्लास पूर्वक मनाया गया होली का त्योहार

मुख्यमंत्री आवास पर उल्लास पूर्वक मनाया गया होली का त्योहार

मुख्यमंत्री आवास पर उल्लास पूर्वक मनाया गया होली का त्योहार

भोपाल, 18 मार्च, 2022 (न्यूज़ टीम)
: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज होली का पर्व मुख्यमंत्री निवास में संक्षिप्त किन्तु शालीन कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ सम्मिलित होकर उल्लास पूर्वक मनाया। मुख्यमंत्री चौहान को मंत्रिमंडल के साथियों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने दी होली बधाई। इस अवसर पर परस्पर गुलाल लगाकर बधाईयों का आदान-प्रदान हुआ।

आज प्रात: मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री चौहान को रंग-पर्व की बधाई दी। मुख्यमंत्री चौहान ने भी सभी आगंतुकों को गुलाल लगाकर बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण था। इसके पहले मुख्यमंत्री चौहान ने निवास पर प्रातः पूजा अर्चना के पश्चात परिवार में तिलक और गुलाल लगाकर होली की बधाईयों का आदान-प्रदान प्रारंभ किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दो वर्ष के कोरोना काल के बाद उल्लास के साथ सभी लोग होली पर्व मनाने एकत्र हुए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में हम सभी को भागीदारी करनी है। हम सभी मिलकर आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए परिश्रमपूर्वक कार्य करें।

मुख्यमंत्री निवास पर फाग उत्सव में अनेक कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। इन कलाकारों में जया सक्सेना, गंभीर सिंह, सपना, तनु, प्रिया, सोनू प्रजापति, भूपेन्द्र, शिवेन्द्र सिंह आदि शामिल थे। मुख्यमंत्री चौहान ने भी कुछ भजन भी सुनाए। उन्होंने लोकप्रिय बुंदेली लोकगीत “मोरी बहू हिरानी है, ऐ भैया मिले, बता दइयो,“ का गायन सभी के साथ स्वर मिलाकर किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चौहान और साथियों ने अन्य भजन भी गाए। रंग और गुलाल की बौछार के साथ उमंग के माहौल में गीतों की पेशकश हुई।

इस अवसर पर सांसद विष्णु दत्त शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व सांसद आलोक संजर, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह , पूर्व महापौर आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह और विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, भगवानदास सबनानी, सुमित पचौरी, शैतान सिंह पाल और अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने आमंत्रित कलाकारों पर पुष्प वर्षाकर उनका सम्मान भी किया। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह को उनकी जन्म वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री चौहान और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बधाई दी।
और नया पुराने